देहरादून: कांग्रेस पार्टी से इस्तीफे की खबरों पर विराम लगाते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। रावत ने मीडिया में चल रही पार्टी की सदस्यता से इस्तीफे की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया है, बल्कि केवल पार्टी के संगठनात्मक पदों को छोड़ने की इच्छा व्यक्त की थी।
’कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में’
सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए हरीश रावत ने लिखा, “मीडिया के कुछ हिस्सों में यह समाचार चलाया जा रहा है कि हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। भैया, कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में है, हरीश रावत जो कुछ भी है, उस सबका निर्माण पार्टी करती है। वह तो मेरे साथ ही स्वर्ग में भी जाएगी।”
संगठनात्मक पदों से इस्तीफे की वजह बताई
देहरादून में हाल ही में हुई ईडी (ED) की कार्रवाई का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि इस घटनाक्रम से भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस के नैरटिव पर असर पड़ता है, तो वह पार्टी के संगठनात्मक पदों—प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्यता और एआईसीसी (AICC) वर्किंग कमेटी की सदस्यता—से त्यागपत्र देने के लिए तैयार हैं।
मीडिया से खबर ठीक करने का आग्रह
हरीश रावत ने मीडिया के संदर्भ में लिखा कि उनके बयानों व सोशल मीडिया पोस्ट को पूरी समग्रता के साथ पढ़ा और समझा जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया जगत से अपील की कि कांग्रेस छोड़ने की भ्रामक खबरों को सुधारकर सही जानकारी प्रसारित की जाए।