जिलाधिकारी के निर्देशन में सीएचसी चाकीसैंण में एक्स-रे मशीन का शु
पौड़ी | 01 जनवरी 2026
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चाकीसैंण में एक्स-रे मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीण मरीजों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है। अब गंभीर जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि एक्स-रे मशीन के संचालन से मरीजों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। पहले एक्स-रे व अन्य जांचों के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह सुविधा सीधे चाकीसैंण में उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि मशीन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें।
सीएमओ ने बताया कि चाकीसैंण स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन की स्थापना राज्य सरकार की ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार योजनाओं का हिस्सा है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता बढ़ेगी और समयबद्ध जांच संभव हो सकेगी।
एक्स-रे मशीन के शुभारंभ पर क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब गंभीर जांच के लिए लंबा सफर नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे—दोनों की बचत होगी।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल, एक्स-रे टेक्नीशियन सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।