देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटेक्शन और डीसिल्टिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, जिससे बाढ़ की संभावनाओं को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण योजनाओं के तहत प्रदेश में 708 चेक डैम तथा ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार जनपदों में 419 रिचार्ज शॉफ्ट स्थापित किए गए हैं। इन योजनाओं से लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल रिचार्ज होने की संभावना है।
इसके साथ ही 09 वन प्रभागों में 14 जल स्रोतों तथा कैम्पा योजना के अंतर्गत 247 जल धाराओं के उपचार का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने वनाग्नि की रोकथाम को लेकर भी अधिकारियों को अभी से पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराने, वन पंचायतों व स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने, फायर लाइन की समय पर सफाई करने तथा वनभूमि पर अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, युगल किशोर पंत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।