कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 326 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री कोटद्वार पहुंचने पर सर्वप्रथम दिव्यांग बालक-बालिकाओं से संवाद कर उनकी शिक्षा की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने सिद्धबली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। सनेह क्षेत्र में आयोजित फेस्टिवल स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली स्वागत गीत तथा हेरिटेज स्कूल के बच्चों की पक्षी एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 21 विकास योजनाओं का शिलान्यास (81.72 करोड़ रुपये) एवं 40 योजनाओं का लोकार्पण (244.39 करोड़ रुपये) किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल से कोटद्वार को इको-टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, साथ ही इससे पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जनजागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कोटद्वार में बस टर्मिनल, आयुष चिकित्सालय, खोह नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए एसटीपी निर्माण, मालन नदी पर पुल निर्माण तथा कोटद्वार–नजीबाबाद फोरलेन परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं। इसके साथ ही उन्होंने हल्दूखाता पेयजल योजना, शिक्षा संस्थानों में आधारभूत ढांचे के विकास, बाढ़ सुरक्षा कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में लगभग 400 पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का प्रमाण हैं। उन्होंने बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल को वार्षिक आयोजन घोषित करने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यह फेस्टिवल केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति, जैव विविधता और जीवन के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने वाला मंच है। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के पहले दिन लगभग 2500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की, जो इसकी व्यापक लोकप्रियता को दर्शाता है।