रुद्रप्रयाग,
जनपद रुद्रप्रयाग के छिनका ककोड़ाखाल (नगरासू) क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक बच्चे को उठाए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया और बच्चे की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देश पर वन विभाग, जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं जिला प्रशासन की कुल 6 अलग-अलग टीमें घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। इस अभियान में वन विभाग के 20 कर्मी, डीडीआरएफ के 9 जवान तथा जिला प्रशासन के 5 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी अपने सहायक कर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीओ वन विभाग देवेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें क्षेत्र में लगातार खोजबीन कर रही हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि डीडीआरएफ की टीम आधुनिक खोजबीन उपकरणों के साथ सर्च अभियान में सक्रिय है।
इसके साथ ही जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर एवं सूचना विभाग की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और ग्राम प्रधान, स्थानीय नागरिकों तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि बच्चे की तलाश के लिए सर्च अभियान पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा।