यमकेश्वर इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को यमकेश्वर स्थित इंटर कॉलेज के नवनिर्मित दो मंजिला भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर के प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों का दायित्व केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, नैतिकता और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति में व्यवहारिक और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है, जिसे उत्तराखंड प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा में नवाचार से पलायन पर अंकुश लगेगा और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विद्यालय के नवनिर्मित भवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी दी कि इंटर कॉलेज में वर्तमान में 161 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं तथा शिक्षकों के पद पूर्ण रूप से भरे हुए हैं। वहीं, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने विद्यालय के प्रांतीयकरण एवं विज्ञान विषय की शुरुआत की मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।