देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकार के अपराधों में तत्काल मुकदमे दर्ज किए जाएं और अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों, असामाजिक तत्वों तथा प्रदेश की शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आदतन एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश देते हुए ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में थानों और पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई के परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुशासन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।