🏃♀️
चमोली/नई दिल्ली। दिल्ली मैराथन के 11वें संस्करण में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली धाविका भागीरथी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 42 किलोमीटर की मैराथन में 24 वर्षीय भागीरथी ने 2 घंटे 43 मिनट का समय लेकर द्वितीय स्थान हासिल किया और प्रदेश के साथ-साथ चमोली जनपद का गौरव बढ़ाया।
रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए धावकों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच चमोली जिले के वाण गांव की निवासी भागीरथी ने बेहतरीन रणनीति, संतुलित गति और अदम्य धैर्य का परिचय देते हुए सफलता अर्जित की।
भागीरथी की इस उपलब्धि से चमोली जनपद और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
उनके कोच एवं अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने पूरी दौड़ के दौरान आत्मविश्वास और संयम बनाए रखा। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद उन्होंने अपनी तय रणनीति पर कायम रहकर रेस पूरी की।
उल्लेखनीय है कि भागीरथी पूर्व में ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं और देशभर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। ‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से प्रसिद्ध भागीरथी वर्तमान में पौड़ी जनपद स्थित रासी स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रही हैं।
उनका लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मैराथन स्पर्धा में पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करना है।