पौड़ी, 26 फरवरी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और विधायक राजकुमार पोरी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्साह और उमंग से भर उठा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, गोदभराई किट और नेम प्लेट वितरित की गईं, जबकि समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों, साइक्लिस्टों और एंगलरों से संवाद कर स्वरोजगार के अवसरों पर विशेष जोर दिया।
महोत्सव में साहसिक पर्यटन गतिविधियों की भी धूम रही। मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी गतिविधियों का फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने कहा कि नयार घाटी साहसिक पर्यटन के लिए अत्यंत उपयुक्त क्षेत्र है और इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा क्षेत्र के प्रमुख मंदिर स्थलों के विकास की घोषणा भी की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार वैली फेस्टिवल उत्तराखंड को देश के प्रमुख एडवेंचर पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। वहीं विधायक राजकुमार पोरी ने इस महोत्सव को स्थायी रूप से आयोजित किए जाने की मांग उठाई।
जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिला समूह, युवा और अधिकारी शामिल हुए। नयार वैली फेस्टिवल को क्षेत्र में पर्यटन, संस्कृति और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।