कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल), 26 फरवरी। “नशामुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कीर्तिनगर पुलिस और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने 500 ग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त सैन्ट्रो कार को भी सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 फरवरी को थाना कीर्तिनगर पुलिस और ANTF की टीम ने चौकी मलेथा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूए-07-पी-7629 (सैन्ट्रो कार) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 500 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। मौके पर वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवम लखेड़ा (27 वर्ष), निवासी इन्द्रानगर ऋषिकेश तथा राहुल जैन (39 वर्ष), निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला ऋषिकेश के रूप में हुई है। राहुल जैन वाहन चालक बताया जा रहा है।
इस संबंध में थाना कीर्तिनगर में मु0अ0सं0 04/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।