पौड़ी गढ़वाल: जनपद पौड़ी में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोटद्वार पुलिस ने जुआ और सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निगरानी रखने और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सूचना संकलन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 8 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने आम पड़ाव क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से फकीरा, बैताल सिंह नेगी, हरीश, सूर्य प्रकाश और योगेंद्र को सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 33,320 रुपये नकद, सट्टा गत्ता, पर्चियां, पेन सहित अन्य सामग्री बरामद की है, जिससे अवैध जुआ-सट्टा कारोबार संचालित होने की पुष्टि हुई है।
इस मामले में कोतवाली कोटद्वार में सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।