:पौड़ी गढ़वाल। एकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत पट्टी मवालस्यु के ग्राम बरसू निवासी आशुतोष रावत के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त कर लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन होने के बाद जब आशुतोष रावत अपने गांव पहुंचे तो ग्रामवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया।गांव पहुंचने पर परिवारजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने गाजे-बाजे व ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।आशुतोष रावत की यह सफलता उनके परिवार के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता सूबेदार राजपाल सिंह, जो 13 गढ़वाल राइफल्स में सेवारत रहे, तथा अपने स्वर्गीय दादा ऑनरेरी कैप्टन साबर सिंह रावत की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि आशुतोष रावत ने अपने परिवार की देशसेवा की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।इस अवसर पर ग्राम प्रधान बरसू नरेंद्र सिंह रावत, जयराज भंडारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने आशुतोष रावत को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।