टिहरी गढ़वाल जनपद के कीर्तिनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.50 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार उत्तराखण्ड सरकार के “नशामुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ऑप्स/नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण में 13 मार्च 2026 को थाना कीर्तिनगर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान चौकी मलेथा क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 4.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से शाम करीब 4:35 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र सिंह पुत्र विजय सिंह, निवासी निकट भारद्वाल एकेडमी उफल्डा श्रीनगर, जनपद श्रीनगर (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कीर्तिनगर में मु.अ.सं. 10/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक आशीष रावत, अपर उपनिरीक्षक दीपेन्द्र रावत, हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल प्रवेश पालीवाल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।