अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डोल आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठ स्थापना महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन-अर्चन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक किया तथा माँ आदिशक्ति भगवती से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित श्रीयंत्र का अवलोकन किया और वहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाबा कल्याणदास जी की साधना और तपस्या के कारण डोल आश्रम आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह महरा, मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।