दहेज हत्या जैसे जघन्य अपराध में पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पहले राजस्व पुलिस के पास था, जिसे बाद में रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित किया गया। पौड़ी पुलिस की सक्रियता और सतर्क जांच के चलते फरार आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
मामला 9 अक्टूबर 2025 का है, जब लैंसडाउन निवासी प्रेम सिंह ने अपनी पुत्री अंकिता की दहेज हत्या के मामले में कोतवाली लैंसडाउन में मुकदमा दर्ज कराया था। वादी की शिकायत पर आरोपी योगेश उर्फ आशू के खिलाफ धारा 80, 103(i) BNS के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।
चूंकि घटना राजस्व क्षेत्र से संबंधित थी, इसलिए यह मुकदमा प्रारंभिक रूप से राजस्व चौकी पट्टी तल्ला बदलपुर को भेजा गया था। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर यह मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित कर दिया गया और इसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी कोटद्वार को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान आरोपी योगेश उर्फ आशू की गिरफ्तारी हेतु धारा 55 BNSS के तहत नोटिस जारी किया गया, लेकिन वह लगातार फरारी काट रहा था। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने महिला उत्पीड़न और दहेज से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी योगेश उर्फ आशू (36 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नेत्र सिंह, निवासी ग्राम ल्वीठा पट्टी तल्ला बदलपुर, तहसील लैंसडाउन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार
हे0कानि0 (नागरिक पुलिस) राकेश चौहान
कानि0 (नागरिक पुलिस) बद्रीलाल