उत्तरकाशी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई एमबीए (MBA) छात्रा बबीता पांडे की तलाश को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी जब बेटी का कुछ पता नहीं चला, तो एक बेबस माँ ने भगवान के दर पर गुहार लगाई है। बबीता की सकुशल वापसी की उम्मीद लेकर उसकी माँ अंजू पांडे यमुनाघाटी के भाटिया गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा बौखनाग देवता के दरबार पहुंचीं और बेटी की सलामती के लिए मन्नत मांगी।29 मई से लापता है बबीता, सर्च ऑपरेशन जारीमूल रूप से नैनीताल जनपद के रामनगर (ग्राम चिल्किया) की रहने वाली 24 वर्षीय बबीता पांडे बीते 29 मई को दयारा बुग्याल के पड़ाव ‘गोई’ से अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। घटना के बाद से ही उसे ढूंढने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक रखी है। मौके पर पुलिस, SDRF, NDRF, SOG, ITBP, सेना और आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी (QRT) टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हालांकि, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, घने जंगल और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू टीमों को अभियान में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।बाबा बौखनाग के पश्वा ने कहा- ‘कुशल लौटेगी बेटी, पर साजिश के संकेत’जब जमीन पर बबीता का कोई सुराग नहीं मिला, तो किसी परिचित की सलाह पर बबीता की माँ अंजू पांडे मंगलवार को भाटिया गांव स्थित बाबा बौखनाग मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर रोते हुए अपनी बेटी को सुरक्षित ढूंढने की प्रार्थना की।स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूजा के दौरान जब बाबा बौखनाग देवता के पश्वा (जिन पर देवता अवतरित होते हैं) ने बबीता की माँ को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि उनकी बेटी सकुशल अपने परिवार के पास वापस लौटेगी। हालांकि, पश्वा के माध्यम से देवता ने यह भी संकेत दिया कि घर से निकलने के बाद बबीता के खिलाफ कुछ साजिश रचे जाने की आशंका है।सिलक्यारा टनल हादसे के समय भी चर्चा में आए थे बाबा बौखनागगंगा और यमुना घाटियों में बाबा बौखनाग देवता के प्रति स्थानीय लोगों की अटूट आस्था है। उन्हें क्षेत्र का रक्षक माना जाता है। इससे पहले साल 2023 में हुए बहुचर्चित सिलक्यारा सुरंग हादसे के दौरान भी जब 41 मजदूर अंदर फंस गए थे, तब स्थानीय लोग और प्रशासन बाबा बौखनाग की शरण में पहुंचे थे, जिसके बाद सभी मजदूर सुरक्षित बाहर आए थे।फिलहाल, बबीता के अचानक गायब होने से उसका परिवार गहरे सदमे और कशमकश में है। वहीं, स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर भी लोग बबीता की सुरक्षित घर वापसी के लिए लगातार दुआएं कर रहे हैं।इस मामले से जुड़ी हर लाइव अपडेट और ताजातरीन खबरों के लिए हमारी वेबसाइट के साथ बने रहें।