चिन्यालीसौड़ से खालसी की ओर जा रही एक कार शुक्रवार अपराह्न अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया गया है। दोनों रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब साढ़े तीन बजे टाटा अल्ट्रोज कार चिन्यालीसौड़ से खालसी की ओर जा रही थी। गढ़वाल गाड़ से लगभग 300 मीटर आगे खालसी की तरफ कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में खालसी निवासी 24 वर्षीय सूरज पुत्र श्याम सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नई खालसी निवासी 25 वर्षीय सुमन पंवार पुत्र चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक सूरज दिल्ली के एक होटल में कार्यरत था, जबकि घायल सुमन सेना में तैनात है। दोनों रिश्ते में भाई थे और घूमने के लिए चिन्यालीसौड़ आए थे। घर लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।