चमोली/देहरादून: देश के प्रमुख आस्था केंद्र श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट की धनराशि और सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। विशेष जांच दल (SIT) की पड़ताल के बाद पुलिस ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के एक कार्मिक को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण शासन स्तर से भी इस पर पैनी नजर रखी जा रही थी।
क्या है पूरा मामला?
चमोली पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बदरीनाथ में एक तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की बात सामने आई थी।
मंदिर समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर जब इस मामले की विभागीय प्राथमिक जांच कराई गई, तो प्रथम दृष्टया मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा गणना स्थल से मंदिर की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को निजी हित में बाहर ले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंदिर प्रशासन ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
SIT का गठन और सीसीटीवी फुटेज से खुलासा
तहरीर के आधार पर कोतवाली बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया, जिसकी कमान प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपी गई।
जांच टीम ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया और 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, तो आरोपी की करतूतें सामने आ गईं:
- फुटेज में आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर और जेब में रखकर बाहर ले जाता हुआ दिखाई दिया।
- आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट भी अपने कब्जे में लिया था।