मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देशों के अनुपालन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को सतपुली–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौड़ी से पैडुल के बीच सड़क की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया और लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) के अधिकारियों से पैच रिपेयर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
पूर्व में सभी उपजिलाधिकारियों और अधिशासी अभियंताओं को मिशन मोड में गड्ढामुक्त सड़क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा पाए जाने की शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति देखी।
निरीक्षण में मरम्मत कार्यों में अनियमितता एवं शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की रीढ़ होती हैं, इसलिए विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और संवेदनशीलता से निभाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य की फोटोग्राफिक रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत की जाए ताकि प्रगति का सत्यापन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।