गोपेश्वर।
जनपद चमोली में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान और अधिक सख्त हो गया है। जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी ने नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं को बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने हेतु लगातार विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
स्थानीय नागरिकों की शिकायत के बाद बढ़ाई गई निगरानी
पिछले कुछ समय से गोपेश्वर नगर क्षेत्र में स्थानीय लोगों द्वारा यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ असामाजिक तत्व और युवक शाम के समय सुनसान स्थानों पर नशा सेवन करते हैं, जिसके कारण क्षेत्र में असुरक्षा की स्थिति बन रही है।
इन शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए एसपी चमोली ने नगर क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग और निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए।
रौली–घिघराण रोड पर संयुक्त टीम का ऑपरेशन
दिनांक 13 नवम्बर 2025 को पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसओजी एवं एएनटीएफ चमोली की संयुक्त टीम ने रौली–घिघराण रोड (गोपेश्वर) क्षेत्र में देर सांय सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली, पूछताछ की तथा नशा या किसी भी अवैध गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर सख्त चेतावनी दी।
नशे पर जीरो टॉलरेंस नीति
चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा सेवन, नशा तस्करी या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि में शामिल लोगों पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस का दो-टूक संदेश —
“नशा किया तो सज़ा पक्की!”
अब पुलिस टीमें नगर क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों पर लगातार बारीकी से निगरानी रख रही हैं, ताकि युवाओं को नशे की चपेट में आने से रोका जा सके और क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।