भीड़भाड़ के बीच खो गया था मंगलसूत्र का पेंडेंट, महिला पुलिसकर्मी आरती और रिंकी की तत्परता से वापस लौटी श्रद्धालु के चेहरे पर मुस्कान।
चमोली। माँ नंदा देवी जात यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आस्था का ख्याल रखने के साथ-साथ चमोली पुलिस अपने मानवीय व्यवहार से भी लोगों का दिल जीत रही है। यात्रा मार्ग पर खोया हुआ कीमती सोने का आभूषण वापस मिलने पर एक महिला श्रद्धालु की मायूसी पल भर में खुशी में बदल गई।
भीड़ के बीच खो गया था कीमती पेंडेंट
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को थराली के पूर्णा गांव निवासी श्रीमती प्रियंका माँ नंदा की पावन यात्रा में शामिल थीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक उनके सोने के मंगलसूत्र का पेंडेंट कहीं गिर गया। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब पेंडेंट नहीं मिला, तो वह बेहद चिंतित और परेशान हो गईं।
महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से मिली सफलता
मायूस श्रद्धालु ने देव डोली की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात महिला पुलिसकर्मी आरती और रिंकी को घटना की जानकारी दी। महिला श्रद्धालु की परेशानी को समझते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत तलाश शुरू कर दी। श्रद्धालुओं की लगातार आगे बढ़ती भीड़ के बीच दोनों पुलिसकर्मियों ने पूरी निष्ठा और तत्परता से खोजबीन की, जिसके परिणामस्वरूप खोया हुआ सोने का पेंडेंट सकुशल बरामद हो गया।
श्रद्धालु ने जताया पुलिस का आभार
पुलिसकर्मियों ने पेंडेंट को सुरक्षित श्रीमती प्रियंका को सौंप दिया। अपना खोया हुआ आभूषण वापस पाकर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने मदद करने वाली महिला पुलिसकर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। यात्रा में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने भी चमोली पुलिस की इस संवेदनशीलता और कार्यशैली की सराहना की।