पौड़ी/15 नवंबर 2025:
आगामी शरदोत्सव–2025 को सफल बनाने के लिए जनपद मुख्यालय पौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित हुई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को पारदर्शी तालमेल के साथ कार्य करते हुए उत्सव को सुरक्षित, भव्य और जनसहभागिता पर आधारित बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होगा, जबकि फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत 18 नवंबर से होगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्सव में विंटर लाइन शो, प्रदर्शनी, झांकियां, खेलकूद, पेंटिंग, वाद-विवाद, क्विज, मैराथन, साइकलिंग, मेहंदी–रंगोली सहित अनेक सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम शामिल किए गए हैं।
उनके अनुसार, शरदोत्सव पौड़ी की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन क्षमता को व्यापक मंच देता है, जिसके लिए नगर पालिका ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ने विभागवार जिम्मेदारियाँ स्पष्ट करते हुए शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियों, पर्यटन एवं पुलिस विभाग को साइकिल दौड़, जबकि खेल विभाग को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के समुचित संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह उत्सव पौड़ी की परंपरा, संस्कृति और पर्यटन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का अवसर है, इसलिए सभी तैयारियाँ निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।
डीएम ने सजावट, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, स्टॉल आवंटन, मंच सञ्चालन और प्रचार-प्रसार जैसे बिंदुओं की भी समीक्षा की। उन्होंने विशेष तौर पर युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर देने पर जोर दिया।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, सीओ तुषार बोरा, सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह, ईओ गायत्री बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नगरपालिका सभासद और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।