श्रीनगर गढ़वाल। देशभर में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में श्रीनगर गढ़वाल के गोला पार्क में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कई स्तरों पर कथित गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इसके चलते आम मतदाताओं के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और सामने आ रही शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से समाधान करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की। उनका कहना था कि एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े मामलों में मतदाताओं के अधिकारों और हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी विवाद या शिकायत का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना आवश्यक है।