चमोली:
गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में भाग लेने से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चमोली जिले में स्थित प्रसिद्ध आदिबद्री मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान आदिबद्री के समक्ष शीश नवाकर प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र (ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण) में शामिल होने जा रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने मार्ग में स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक आदिबद्री धाम में रुककर पूरे विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रगति और आम जनता की खुशहाली के लिए भगवान आदिबद्री का आशीर्वाद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गैरसैंण विधानसभा सत्र प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए एक नई दिशा तय करेगा।
पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री भराड़ीसैंण (गैरसैंण) के लिए रवाना हो गए।