पौड़ी जिले में बाहरी लोगों के सत्यापन को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस कप्तान सर्वेश पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल के नेतृत्व में रविवार सुबह से पूरे थाना क्षेत्र में बड़ा सत्यापन अभियान चलाया गया।
थाना लक्ष्मणझूला द्वारा 8 विशेष टीमों का गठन कर मोहनचट्टी, घट्टूघाट, कुनाऊ, जोंक गांव, नीलकंठ तथा आसपास के क्षेत्रों में बने रिजॉर्ट्स और मकानों में रह रहे बाहरी लोगों का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने मौके पर ही पहचान की पुष्टि की और जिन लोगों या मकान/रिजॉर्ट मालिकों ने सत्यापन नहीं कराया था, उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई।
कितने लोगों पर कार्रवाई?
पुलिस ने उत्तराखण्ड पुलिस एक्ट की धारा 83 (52/3) के तहत प्रत्येक पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया।
आज की कार्रवाई में—
नीलकंठ क्षेत्र: 02
मोहनचट्टी/घट्टूघाट: 05
लक्ष्मणझूला/किरमोला: 04
स्वर्गाश्रम/जोंक गांव: 05
चीला क्षेत्र: 04
इस तरह कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग ₹1,70,000 (एक लाख सत्तर हजार रुपये) का जुर्माना वसूला।
थानाध्यक्ष ने की अपील
थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने स्थानीय लोगों और सभी मकान/रिजॉर्ट संचालकों से अपील करते हुए कहा कि—
“आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से बाहरी क्षेत्रों से आए कामगारों और किरायेदारों का सत्यापन अनिवार्य है। इससे असामाजिक और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की समय रहते पहचान की जा सकती है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि जिन मालिकों ने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है वे तत्काल थाना लक्ष्मणझूला पहुंचकर सत्यापन करवा लें। सत्यापन में देरी करने वालों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में मौजूद पुलिस बल
इस अभियान में—
उप निरीक्षक लक्ष्मण कुंवर, उत्तम रमोला, हेमकांत सेमवाल, राजेश असवाल,
कर्मचारी सुरेंद्र, मनोज, अशोक, भानु प्रताप,
हेड कांस्टेबल नरेश पंवार, सुवर्धन, रविन्द्र भोज, महेंद्र रावत, देवेंद्र, राजीव,
तथा होमगार्ड राजेंद्र, पंकज आदि शामिल रहे।
थाना क्षेत्र में सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।