देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण कर परिसर की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छ भारत अभियान में योगदान दिया और बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और फीडबैक भी सुने।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने आईएसबीटी परिसर में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने बस यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी और निगरानी व्यवस्था को अधिक मजबूत करने, साथ ही पेयजल, शौचालय और अन्य यात्री सुविधाओं में तुरंत सुधार के निर्देश भी जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड की जनता को प्रत्येक स्तर पर सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, और इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।