वन्यजीव हमलों पर सख्त हुए गणेश गोदियाल — “जरूरत पड़ी तो पहाड़ के लोग अपनी रक्षा के लिए बंदूक उठाएँगे”
पौड़ी गढ़वाल।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे गुलदार और अन्य वन्यजीवों के हमलों को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि वन विभाग प्रभावी रोकथाम नहीं करता, तो पहाड़ के लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बंदूक उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत इस कदर बढ़ गई है कि महिलाएँ जंगल जाने से डर रही हैं और खेत–खलिहान तक सुरक्षित नहीं बचे। उनका कहना है कि वन विभाग कागजी कार्रवाई में उलझा है, जबकि गांवों में हर सप्ताह हमलों की घटनाएँ सामने आ रही हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा—
“सरकार और विभाग को तय करना होगा कि वे लोगों की जान बचाएंगे या नहीं। अगर व्यवस्था फेल होती है, तो पहाड़ का आदमी अपनी रक्षा स्वयं करेगा—जरूरत पड़ी तो बंदूक भी उठानी पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।”
गोदियाल ने मांग की कि प्रभावित इलाकों में तत्काल ट्रैपिंग टीमें लगाई जाएँ, हमलावर वन्यजीवों की पहचान कर उन्हें नियंत्रित किया जाए, और गांवों में नाइट पेट्रोलिंग तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएँ। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है और सरकार को इसे गंभीर संदेश की तरह लेना चाहिए।