श्रीनगर/पौड़ी। धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ कराने का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर ठग मोसिन मलिक को पौड़ी पुलिस ने मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) से गिरफ्तार किया है। आरोपी बुज़ुर्गों को फोन कर “बाबा” बनकर झांसे में लेता था और पूजा कराने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लेता था।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस
19 सितंबर 2025 को सतपुली निवासी राकेश चंद्र बलोदी ने थाना सतपुली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने उनकी माताजी को फोन कर विशेष पूजा कराने का दावा किया और इसी बहाने 5 लाख 58 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
मामले में थाना सतपुली में मु0अ0सं0 11/2025 धारा 318(4), 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
साइबर ठगी पर सख्त रुख, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त निर्देश जारी करते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्र मोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा और थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन रमोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी विश्लेषण ने खोला ठग का लोकेशन ट्रेस
पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच और लगातार सुरागरसी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। टीम ने आरोपी को मुजफ्फरनगर के चोरावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोसिन मलिक (उम्र 32), पुत्र बाबूदीन, निवासी ग्राम चोरावाला, थाना ककरोली, जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
अपर उपनिरीक्षक — सोहन लाल
मुख्य आरक्षी 183 नापु — हेमंत कुमार
आरक्षी 363 नापु — सुरेश शाह
आरक्षी — गंभीर सिंह (CIU)