पौड़ी से खेल क्रांति का आगाज़
सांसद खेल महोत्सव से संवरेंगे भविष्य के चैंपियन
हाई एल्टीट्यूड में हाई परफॉर्मेंस का विजन, पौड़ी बनेगा स्पोर्ट्स हब
पौड़ी | 13 दिसंबर 2025
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मामलों के केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को पौड़ी जनपद के कंडोलिया मैदान में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं।
केंद्रीय मंत्री ने पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप खेलों को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
पारंपरिक स्वागत और विधिवत शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री के पौड़ी आगमन पर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा मांगलिक गीतों के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान महोत्सव की टी-शर्ट एवं ट्रैकसूट का भी विमोचन किया गया।
“खेल के मैदान में जीतता है पूरा देश”
कंडोलिया मैदान में उपस्थित खिलाड़ियों और जनमानस को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से उभरने वाली प्रतिभाएं भविष्य में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने कहा, “खेल के मैदान में केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरा देश जीतता है।”
पौड़ी के लिए विशेष खेल अवसंरचना की योजना
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में खेल सुविधाओं के अंतर का विश्लेषण किया जा रहा है, जिसमें पौड़ी जनपद को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। सांसद गढ़वाल द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि हाई एल्टीट्यूड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खेल अवसंरचना को विकसित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जोशीमठ में 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण कराया जा रहा है।
सांसद अनिल बलूनी की बड़ी मांगें
सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने सांसद खेल महोत्सव को पौड़ी के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने पौड़ी को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्विमिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना तथा शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए औली को अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी।
त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले—युवाओं को मिला सुनहरा मंच
सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। इस मंच से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री
कार्यक्रम के उपरांत केंद्रीय मंत्री ने कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में पिट्ठू प्रतियोगिता तथा रांसी स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद गढ़वाल और सांसद हरिद्वार ने स्वयं बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल महोत्सव के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र अण्थवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।