श्रीनगर गढ़वाल।
श्रीनगर गढ़वाल के अंतर्गत ग्राम बलोडी, विकासखंड खिरसू निवासी यश बहुगुणा ने भारतीय वायु सेना में पायलट बनकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। यश ने आज वायु सेना अकादमी, हैदराबाद में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद विधिवत रूप से कमीशन प्राप्त किया।
यश के चाचा, वरिष्ठ पत्रकार एवं विद्युत उपभोक्ता फोरम हल्द्वानी के सदस्य हिमांशु बहुगुणा ने बताया कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर यश के पिता राजीव लोचन बहुगुणा और माता कुसुम सती हैदराबाद में मौजूद रहकर इन ऐतिहासिक पलों के साक्षी बने।
उन्होंने जानकारी दी कि यश की प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा नई दिल्ली से हुई। 12वीं कक्षा के बाद यश का चयन एनडीए के माध्यम से भारतीय वायु सेना के लिए हुआ, जिसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूर्ण कर आज पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया।
यश के पिता राजीव लोचन बहुगुणा उर्फ संजू ने गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल से बीएससी की पढ़ाई के बाद दिल्ली में कार्य किया और वर्तमान में राजस्थान के खाटू श्याम में टाइल्स के व्यवसाय से जुड़े हैं। माता कुसुम सती गृहिणी हैं।
परिवार के बारे में बताते हुए हिमांशु बहुगुणा ने बताया कि यश के बड़े भाई निशु बहुगुणा ने श्रीनगर से मिलिट्री साइंस में स्नातक करने के बाद मेरठ से लॉ की पढ़ाई पूरी की है। यश की दादी अंशी देवी बहुगुणा श्रीनगर के स्वीत कोटेश्वर क्षेत्र में निवास करती हैं, जबकि उनके मामा पंकज सती नगर निगम श्रीनगर के डांग वार्ड से पार्षद हैं।
यश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे ग्राम बलोडी और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव से पहले पायलट बनने पर ग्रामीणों ने गर्व और हर्ष व्यक्त किया है। यश ने कहा कि वह शीघ्र ही गांव पहुंचकर कुलदेवता भैरवनाथ और मां गौरा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे तथा अपने गांववासियों से मुलाकात करेंगे।