देहरादून। राजधानी देहरादून में नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाने से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता एक होटल पहुंचे, जहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी गई थी।
सूचना के आधार पर जब होटल का कमरा खुलवाया गया तो मौके पर 24 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय नाबालिग लड़की मौजूद पाए गए। प्रारंभिक जांच में कमरे से निरोधक सामग्री और प्रतिबंधित दवाइयां भी बरामद होने की बात सामने आई है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए होटल के रजिस्टर की जांच में खुलासा हुआ कि दोनों के नाम की कोई एंट्री दर्ज नहीं थी। यानी बिना किसी वैध पहचान पत्र के नियमों को ताक पर रखकर कमरा दिया गया था, जो होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल खड़े करता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक (निवासी सेलाकुई) के मोबाइल फोन की जांच में 200 से अधिक लड़कियों की चैट और कई आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मिले हैं। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर डिजिटल फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने युवक और नाबालिग लड़की दोनों को हिरासत में लिया है। नाबालिग को आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस होटल संचालक की भूमिका, युवक के संपर्क नेटवर्क और डिजिटल सामग्री की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।