पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पौड़ी पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 190 वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सभी थाना प्रभारियों की अगुवाई में किए गए अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, ओवरलोडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाना, खतरनाक ड्राइविंग, बिना लाइसेंस वाहन चलाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर 54 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें श्रीनगर-01, पौड़ी-06, यातायात कोटद्वार-16, कोतवाली कोटद्वार-09, लक्ष्मणझूला-15, कालागढ़-01, यातायात श्रीनगर-03 एवं लैन्सडाउन-03 शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 136 वाहन चालकों पर भी नियमानुसार चालान व वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।