ऋषिकेश–हरिद्वार रोड पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मनसा देवी फाटक के पास खड़े ट्रक में तेज रफ्तार SUV पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता को देखते हुए वीडियो साझा नहीं किया जा सकता।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही थी और तेज रफ्तार में एक के बाद एक वाहनों को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन को क्रेन की मदद से काटकर ट्रक से अलग किया गया। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि कार स्वामी की पहचान सोनू कुमार, निवासी चंद्रेश्वर मार्ग ऋषिकेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दो मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (30) पुत्र दीनबंधु जायसवाल, निवासी चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर रोड ऋषिकेश और हरिओम (22) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी हनुमान मंदिर गुमानीवाला ऋषिकेश के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरे की भयावह तस्वीर सामने लाता है।
अपील: कृपया वाहन धीमी गति से चलाएं—आपके सुरक्षित लौटने से ही आपके अपनों की दुनिया सुरक्षित रहती है।