देहरादून (नैनीताल)
उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने देहरादून सहित प्रदेशभर में 7 प्लस 1 सीटर विक्रमों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह अभियान 16 दिसंबर से प्रभावी हो चुका है, जिसके तहत अब केवल 6 प्लस 1 सीटर विक्रमों को ही सड़कों पर चलने की अनुमति होगी।
संभागीय आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए यदि कोई 7 प्लस 1 सीटर विक्रम संचालित पाया जाता है तो उसके खिलाफ चालान, परमिट निरस्तीकरण समेत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से लिया गया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और परिवहन चेक पोस्टों पर सघन जांच की जा रही है।
विभाग ने विक्रम चालकों और ऑपरेटरों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों के विपरीत वाहन संचालन पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।