देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय, रायपुर (देहरादून) में संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध शारीरिक प्रशिक्षण, दौड़ अभ्यास, खेल गतिविधियों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद कर उनके प्रशिक्षण अनुभव, दैनिक दिनचर्या और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है, जिससे वे पूरे आत्मविश्वास के साथ चयन प्रक्रिया में सफल हो सकें।
सीएम धामी ने कहा कि कम आयु में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने से युवा न केवल देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता जैसे कौशल भी विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता और सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए।