देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की पसंद बनती नजर आ रही है। बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन हाल ही में प्रकृति की गोद में सुकून तलाशते हुए उत्तराखंड की शांत वादियों में ट्रेकिंग पर निकले। गुरुवार को ऋतिक ने अपनी इस यात्रा की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।
तस्वीरों में हरे-भरे पहाड़, धुंध से ढके ट्रेकिंग रूट और चारों ओर फैली शांति साफ नजर आ रही है। सरसों-पीले रंग की जैकेट, टोपी और बैकपैक के साथ पूरी ट्रेकिंग किट में नजर आए ऋतिक बेहद सहज और फिट दिखाई दिए। उनकी यह झलक फिटनेस, रोमांच और प्रकृति के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाती है।
ऋतिक की इंस्टाग्राम पोस्ट पर प्रशंसकों ने जमकर प्यार लुटाया। मनमोहक नजारों की तारीफ के साथ-साथ फैंस ने हल्के-फुल्के मजाक भी किए। खास बात यह रही कि कमेंट सेक्शन में उनकी 2003 की सुपरहिट फिल्म ‘कोई मिल गया’ के प्यारे एलियन जादू को लेकर मजेदार मीम्स और टिप्पणियों की बाढ़ आ गई।
“जादू मिला क्या वहां?”, “जादू की तलाश में उत्तराखंड?” और “देखना, जंगल में जादू न मिल जाए” जैसे कमेंट्स सोशल मीडिया पर छा गए। यह नजारा न सिर्फ फिल्म के पुराने दिनों की याद दिला गया, बल्कि यह भी दिखाया कि ऋतिक रोशन की लोकप्रियता और प्रशंसक अपील आज भी उतनी ही मजबूत है।