पौड़ी | 20 दिसंबर 2025
जनपद पौड़ी गढ़वाल के राशन कार्ड धारकों को शासन स्तर से बड़ी राहत दी गई है। राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2025 कर दी गई है। इससे पहले यह तिथि 15 दिसंबर 2025 निर्धारित थी।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि निर्धारित समय सीमा तक कई पात्र लाभार्थी विभिन्न कारणों से ई-केवाईसी नहीं करा पाए थे। आम उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि जिन राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हुई है, वे अपने नजदीकी या संबंधित सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर जाकर बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट के माध्यम से सत्यापन अवश्य करा लें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित अंतिम तिथि तक ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होने पर राशन कार्ड निष्क्रिय किए जा सकते हैं, जिससे भविष्य में खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।
उन्होंने जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि समय रहते ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराकर खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से सुनिश्चित करें।