गोपेश्वर (चमोली)।
चमोली जनपद के गोपेश्वर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप स्कूल जा रहीं छात्राओं पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल जाते समय छात्राओं पर भालू ने अचानक झपट्टा मार दिया। इस दौरान छात्रा राधिका रावत बाल-बाल बच गईं, जबकि एक अन्य छात्रा भालू से बचने के प्रयास में भागते समय गिर गई और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन की मदद से दोनों छात्राओं को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में भालू की सक्रियता को लेकर दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, वन विभाग द्वारा नियमित गश्त बढ़ाने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे छात्र-छात्राओं की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।