सैनिकों व अग्निवीरों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह, पूर्व सैनिकों के कल्याण को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
रानीखेत।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने सैनिकों एवं अग्निवीरों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भारतीय सेना पहले से अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। आज हमारी सेना दुश्मनों की हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देते हुए देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन एवं आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वीर परिवारों को हर स्तर पर सम्मान, सुरक्षा और संबल मिल सके।
इस अवसर पर सैन्य अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सैनिक, अग्निवीर एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।