पौड़ी | 25 दिसंबर 2025
बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारीखाल के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज कांडाखाल (लंगूर) में अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं भविष्य के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर एवं जूनियर वर्ग की बालिकाओं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज में बेटियों की भूमिका और महत्व को रेखांकित किया। इसके साथ ही बालिकाओं द्वारा इसी विषय पर कविता पाठ कर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अफसर बिटिया पहल के अंतर्गत अपने अनुभव साझा करते हुए बालिकाओं को शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा द्वारा निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को शील्ड प्रदान की गई। वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को उपयोगी पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम का समापन बालिकाओं को शिक्षित, सशक्त एवं आत्मविश्वासी बनाने के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सोम प्रकाश कंडवाल, वन स्टॉप सेंटर से लक्ष्मी रावत, स्वास्थ्य विभाग से शिखा नेगी, पुलिस विभाग से कांस्टेबल गोपाल दास, ग्राम्य विकास विभाग से पूजा रावत, अध्यापिका सरोज तथा सुपरवाइजर गीता शैलानी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।