पौड़ी | 25 दिसंबर 2025
प्रदेश के सिंचाई, लोक निर्माण, पर्यटन, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने गुरुवार को निर्माणाधीन सतपुली झील बैराज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सतपुली झील के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बड़ी संख्या में पर्यटकों का आगमन होगा। झील में जल क्रीड़ाओं के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि भविष्य में सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बैराज से ट्रैफिक डायवर्जन की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इस क्रम में निर्माणाधीन सतपुली बैराज के ऊपर से बाईपास निकालने की संभावनाओं का परीक्षण किया जा रहा है, जिससे पौड़ी एवं देवप्रयाग की ओर जाने वाला यातायात नगर क्षेत्र में प्रवेश किए बिना सुगमता से निकल सके।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।