रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ।
नगर पंचायत ऊखीमठ के वार्ड नंबर 3 ओंकारेश्वर क्षेत्र में बुधवार शाम एक महिला पर भालू के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पीड़िता की पहचान रचना देवी निवासी वार्ड नंबर 3, नगर पंचायत ऊखीमठ के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को करीब शाम 4 बजे रचना देवी घास लेने के लिए ओंकारेश्वर मंदिर के समीप गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और चीख-पुकार मच गई।
घटना के समय आसपास मौजूद स्थानीय लोगों एवं कुछ महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे भालू मौके से भाग खड़ा हुआ। स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला की जान बच सकी। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।
सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लगातार भालू की गतिविधियों से लोग दहशत में हैं और अकेले जंगल अथवा घास काटने जाने से बच रहे हैं।