कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल को दी 26 करोड़ की 18 विकास योजनाओं की सौगात
सूचना / पौड़ी / 26 दिसंबर 2025:
कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी, विकास खंड पोखड़ा के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल को 26 करोड़ रुपये की लागत से संचालित 18 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी में शीघ्र ही विज्ञान विषय प्रारंभ किए जाने की घोषणा भी की।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत विकासखंड पोखड़ा में दमदेवल गडरी से झलपाड़ी तक 12 से 15 किमी मोटर मार्ग के विस्तार, पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा 339.77 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही 177.98 लाख रुपये की लागत से भरतपुर-सुंदरई मोटर मार्ग, 172.31 लाख रुपये की लागत से दमदेवल गडरी-झलपाड़ी मोटर मार्ग, 345.88 लाख रुपये की लागत से चलकुडिया-मसमोली-सकनोली-नोखोली मोटर मार्ग तथा 237.21 लाख रुपये की लागत से कुण्जखाल-बरसुण्डा मोटर मार्ग (स्टेज-2) के नवीनीकरण एवं सुधारीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त 97.06 लाख रुपये की लागत से संगलाकोटी-बोन्दरखाल मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त दीवारों के पुनर्निर्माण, 222.89 लाख रुपये की लागत से कोलाखाल-जजेडी मोटर मार्ग के डामरीकरण तथा 189.70 लाख रुपये की लागत से कुल आठ विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में विकासखंड पोखड़ा के ग्राम पंचायत वीणाधार, कमेड़ी, देवरानी, असलोट में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवनों तथा विकासखंड एकेश्वर के ग्राम पंचायत डंडा मल्ला में 10 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत भवन का लोकार्पण किया। साथ ही पोखड़ा विकासखंड के देवराड़ी ग्राम मल्ली में 136.94 लाख रुपये की लागत से बनने वाली स्प्रिंकलर प्रणाली आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास तथा विकासखंड एकेश्वर के ग्राम पाखरी में 120 लाख रुपये की लागत से निर्मित सोलर ऑन-ग्रिड आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
इस दौरान 887.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित दमदेवल मोटर मार्ग (डाडाखिल से ग्राम कुई तक) स्टेज-1 तथा 212.35 लाख रुपये की लागत से चौबट्टाखाल-कुई दांता मोटर मार्ग से उलखेत तोक स्थित अनुसूचित जाति मजगांव तक ग्रामीण मोटर मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि पाबौ, एकेश्वर, बीरोंखाल एवं पोखड़ा विकासखंडों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) स्टेज-4 के अंतर्गत 10480.49 लाख रुपये की लागत से कुल 11 मोटर मार्गों को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिन पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इसके पश्चात उन्होंने राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास एवं विद्यालय भवन की मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, एसडीएम रेखा आर्य, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, लोक निर्माण विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।