चमोली।
दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के सास-ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला थाना थराली क्षेत्र का है, जहां दहेज उत्पीड़न के चलते विवाहिता की मौत का आरोप सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 सितंबर 2025 को सुपुली देवी, निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर द्वारा थाना थराली में एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली के साथ हुआ था।
मृतका की माता ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उनकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि घटना से कुछ समय पूर्व मृतका ने फोन के माध्यम से मायके पक्ष को ससुराल में मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका फोन अचानक बंद हो गया। कुछ समय पश्चात ग्रामीणों के माध्यम से मृतका की मृत्यु की सूचना परिजनों को प्राप्त हुई।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा मृतका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा अपराध संख्या 24/25, धारा 80(2) बीएनएस सहित सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार द्वारा तत्काल व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रकरण की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
जांच के क्रम में आरोपित त्रिलोक सिंह पुत्र जवाहर सिंह, उम्र 62 वर्ष (ससुर) एवं श्रीमती रामेश्वरी देवी पत्नी त्रिलोक सिंह, उम्र 52 वर्ष (सास), निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में निष्पक्ष, त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष थराली – विनोद चौरसिया
हेड कांस्टेबल – रमेश
महिला होमगार्ड – शिवानी