जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन
पौड़ी | 28 दिसंबर 2025
जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को विकासखंड पौड़ी की न्याय पंचायत बाड़ा स्थित मिलन केंद्र वजली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से कुल 123 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 13 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रदेश की प्रत्येक न्याय पंचायत में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पौड़ी जनपद की 115 न्याय पंचायतों में 18 मार्च 2026 तक जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
न्याय पंचायत बाड़ा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका त्वरित समाधान किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ऐसे बहुउद्देशीय शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं गांव-गांव जाकर जनता से संवाद कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने बताया कि शिविर के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।
शिविर में कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, जिला सहकारिता, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, बाल विकास, एनआरएलएम, राजस्व सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह रावत, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, जेई जिला पंचायत गौरव पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।