पौड़ी | 29 दिसंबर 2025
जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत थलीसैंण से बीरोंखाल मोटर मार्ग पर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मंगल सिंह द्वारा किया गया।
संयुक्त जांच के दौरान कुल 14 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 03 वाहनों के चालान किए गए। जांच में कुछ वाहन बिना वैध दस्तावेज, बिना टैक्स तथा बिना हिल ट्रैवलिंग सर्टिफिकेट के संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।
इसके अतिरिक्त, हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से ऐसे संयुक्त जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी वैध दस्तावेज साथ रखें, हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।