चमोली | जोशीमठ
जनपद चमोली के जोशीमठ विकासखंड अंतर्गत थेंग गांव में रविवार रात्रि एक भालू ने हमला कर ग्रामीण की गौशाला को क्षतिग्रस्त करते हुए बकरियों सहित पशुधन को मार डाला। इस घटना से पीड़ित परिवार की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भालू ने मोहन सिंह नेगी की गौशाला को तोड़कर भीतर घुसकर बकरियों एवं अन्य पशुधन को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने वन विभाग से आक्रामक भालुओं को आबादी क्षेत्र से दूर किए जाने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे मानव एवं पशुधन की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से स्थायी समाधान एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।