पौड़ी।
जनपद में अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों एवं ड्रग्स पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो होटल/ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से शराब पिलाते हुए गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को होटल एवं ढाबों में शराब पीने-पिलाने की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी श्री जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में रात्रि चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अर्जुन सागर (निवासी पौड़ी) एवं विशन सिंह (निवासी पौड़ी) को अपने-अपने ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मौके से शराब की बोतलें एवं अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के अंतर्गत गिरफ्तार कर कोतवाली पौड़ी में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इस प्रकार के सघन अभियान जारी रहेंगे।