गुप्तकाशी
गुप्तकाशी क्षेत्र में रात के समय एक भालू दिखाई देने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि देर रात भालू आबादी क्षेत्र के पास एक गेट पर बैठा नजर आया, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात होते ही भालू के दिखाई देने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद लोगों ने सतर्कता बरतते हुए घरों में रहना ही उचित समझा।
जानकारों के मुताबिक, ठंड बढ़ने और भोजन की तलाश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ जाती है। प्रशासन और वन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय सतर्क रहें और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।