श्रीनगर।
तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ पौड़ी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए श्रीनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने रैश ड्राइविंग करते हुए चार युवकों को पकड़ा। पकड़े गए चालकों के चेहरों पर मास्क लगाकर उनकी फोटो जारी की गई, ताकि यातायात नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
पौड़ी पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रैश ड्राइविंग, ओवर स्पीड और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। जनपद में “ऑपरेशन लगाम” के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 30 दिसंबर 2025 को जनपद की सभी कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई। इस दौरान रैश ड्राइविंग और ओवर स्पीड से वाहन चलाने वाले कुल 28 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें यातायात श्रीनगर क्षेत्र के 15 और लक्ष्मणझूला क्षेत्र के 13 चालक शामिल हैं।
इसके अलावा जनपद स्तर पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 165 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।